
प्रांतीय पदाधिकारियों एवं जिला पदाधिकारियों की एक दिवसीय चिंतनशील बैठक
ग्वालियर। मध्य प्रदेश अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ (अजाक्स) के संवैधानिक प्रांताध्यक्ष चौधरी मुकेश मौर्य की अध्यक्षता में प्रांतीय एवं जिला पदाधिकारियों की चिंतनशील बैठक अजाक्स के उप-प्रांतीय कार्यालय थाटीपुर में हुई।
चिंतनशील बैठक में म.प्र.अजाक्स प्रांताध्यक्ष चौधरी मुकेश मौर्य को मिली उपलब्धियों, वर्तमान स्थितियों तथा भावी कार्ययोजना को लेकर संघ को प्रभावशील एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक ड्राफ्ट रिपोर्ट अजाक्स पेंशनर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष एवं स्टेट संगठन रामकिशोर दाहिया द्वारा प्रस्तुत किया गया जिसमें उन्होंने संघ प्रांताध्यक्ष चौधरी मुकेश मौर्य के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर गंभीरता से प्रकाश डाला।
संगठन के वरिष्ठ मुख्य स्टेट समन्वयक श्यामलाल डोहरिया ने प्रांतीय पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों को निडरता के साथ संघ तथा समाजहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रांतीय महासचिव इंजी. एस.डी. बंसकार ने पूर्व प्रांताध्यक्ष के 20 वर्ष के अध्याय पर प्रकाश डालते हुए पदाधिकारियों में जोश भरा, संगठन को गति प्रदान करने के लिए प्रेरित किया। प्रांतीय उपाध्यक्ष रामेश्वर राम पटेल ने संगठन की एकता पर बल दिया।प्रांतीय प्रवक्ता नत्थू सिंह अहिरवार ने अजाक्स के पूर्व वैभव पर प्रकाश डालते हुए एकजुटता के साथ संगठन और समाजहित में चौ. मुकेश मौर्य के साथ कार्य करने के लिए अपने ओजस्वी उद्धबोधन से प्रेरित किया। पूर्व ग्वालियर जिलाध्यक्ष एवं संरक्षक अजाक्स शान्ति प्रकाश राजौरिया ने संगठन एवं समाज के लोगों को एकजुट कर उनके हक अधिकारों को संरक्षित करने की महत्ती आवश्यकता पर बल दिया।
इस चिंतन बैठक में विभिन्न जिलों से आए हुए जिलाध्यक्षों ने संगठन को सशक्त और मजबूत बनाने के लिए जिला स्तर से हरसंभव सहयोग प्रदान करने का विश्वास जताया।
अंत में अपने अध्यक्षीय उद्धबोधन में अजाक्स के प्रांताध्यक्ष चौ. मुकेश मौर्य ने संगठन की वर्तमान एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि पूर्व प्रांताध्यक्ष एवं उनके पदाधिकारियों के अनाधिकृत कृत्यों से संगठन अपने वास्तविक उद्देश्य से भटक गया है, जो संगठन, समाज और राष्ट्रहित में कतई उचित नहीं है। इस खाई को पाटने के लिए हम सबको संगठन और समाजहित में संकल्प के साथ अपने सकारात्मक कार्यो को गति प्रदान करनी होंगी। इस कड़ी में म.प्र.अजाक्स द्वारा सर्वप्रथम इसी माह केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के मुख्य आतिथ्य में प्रदेश स्तरीय प्रांतीय सम्मलेन एवं सम्मान समारोह ग्वालियर में आयोजित करेगा। उक्त कार्यक्रम में मध्यप्रदेश में 10 वीं एवं 12वीं में 85 फीसदी या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं, प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित अभ्यर्थियों, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्र का गौरव बढ़ाने वाली खेल प्रतिभाओं, सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं तथा अजाक्स को अपने सकारात्मक कार्यो से ऊँचाईया प्रदान करने वाले अजाक्स बंधुओं को सम्मानित किया जावेगा।
उपर्युक्त चिंतन बैठक का संचालन प्रखर वक्ता एवं प्रांतीय सचिव दिनेश उमरैया ने किया। आभार प्रांतीय महासचिव मुरारी लाल लिधोरिया ने व्यक्त किया।
बैठक में ग्वालियर जिलाध्यक्ष मनोहर कटारिया, भोपाल जिलाध्यक्ष गिरीश दहायत, इन्दौर जिलाध्यक्ष अशोक कटारिया, विदिशा जिलाध्यक्ष एल.आर.अहिरवार, सतना जिलाध्यक्ष डॉ.विजय अरख, दतिया जिलाध्यक्ष अजय कुमार बौद्ध, कटनी जिलाध्यक्ष बलवीर परस्ते, अनूपपुर जिलाध्यक्ष फूलचंद सिंह मरावी, सागर जिलाध्यक्ष राजेन्द्र धुर्वे, टीकमगढ़ जिलाध्यक्ष मनोज अहिरवार प्रमुख रूप से अपस्थित रहे।
