जम्मू (वार्ता) जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आज पुंछ जिले की किताबों की दुकानों में प्रतिबंधित साहित्य की तलाशी ली।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 के तहत जम्मू-कश्मीर में झूठे आख्यानों और अलगाववाद को बढ़ावा देने के लिए पहचानी गई 25 पुस्तकों को जब्त करने के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए जिला पुलिस पुंछ ने जिले भर की किताबों की दुकानों की तलाशी ली।
उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान किसी भी दुकान में ऐसी कोई किताब नहीं मिली। उन्होंने आगे कहा, ”किताबों की दुकान के मालिकों को निर्देश के बारे में जागरूक किया गया और यह सुनिश्चित करने के लिए आगाह किया गया कि ऐसी प्रतिबंधित सामग्री न तो रखी जाए और न ही किसी भी रूप में बेची जाए।”
उन्होंने कहा कि पुलिस ने सभी कानूनी प्रावधानों का सख्ती से पालन करके शांति बनाए रखने, सार्वजनिक व्यवस्था की रक्षा करने और राष्ट्र की संप्रभुता की रक्षा करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
