गंगासागर तालाब की जमीन पर कब्जा कर रहे भू-माफिया, लोगों ने किया चक्काजाम

जबलपुर। ऐतिहासिक गंगासागर तालाब की जमीन को पूरने के मामले ने सोमवार दोपहर को उस वक्त तूल पकड़ लिया जब क्षेत्रीय लोगों ने इसका विरोध प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया। जिस दौरान करीब 1 घंटे यातायात भी प्रभावित रहा।

लोगों का कहना था कि भू-माफिया द्वारा गुंडागर्दी कर तालाब के पास का रास्ता बंद करके मुरूम-मलबा आदि डाला जा रहा था। बीती देर रात गंगासागर तालाब के पास तथाकथित दबंगों ने करीब 15 डंपर मलबा लाकर रोड पर डाल दिया था और रोड बंद कर दी थी। जिसके बाद सोमवार को रास्ता बंद देखकर क्षेत्रीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार गंगासागर तालाब जबलपुर की बहुत पुरानी विरासत भी है जो कि शासकीय नुजूल में भी दर्ज है। प्रदर्शन, हंगामा के बीच मौके पर गोरखपुर तहसीलदार व पुलिस बल पहुंच गया और लोगों को समझाईश देकर मामला शांत कराया गया। लेकिन इस दौरान करीब 1 घंटे तक माहौल गरमाया रहा ।

सिंगाड़ा मद की है कुछ जमीन…

प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग थी कि गंगासागर तालाब में किसी रसूखदार का कब्जा न हो सके। विदित हो कि गंगासागर तालाब की कुछ जमीन सिंगाड़ा मद की है और कुछ मप्र शासन की हैं। प्रदर्शन कर रहे स्थानीय लोगों ने बताया कि राजू पटैल, किसी जैसवाल के द्वारा गुंडागर्दी कर कब्जा करवाया जा रहा है। अब प्रशासन की जांच में ये सवाल खड़ा हो गया है कि आखिर ये लोग हैं कौन? गंगासागर तालाब के पास सिंपलेक्स फैक्टरी के संचालक रायचंद शाह व जवाहर शाह ने बताया कि तालाब पर कुछ रसूखदार लोग अवैध कब्जा चाहते हैं। तालाब से सटे मकानों को तोड़नें की लगातार धमकियां भी दी जा रहीं है।

शिकायत के बावजूद आज तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं?

आक्रोशित लोगों ने नवभारत को बताया कि गंगासागर तालाब में कब्जा कर रहे लोगों के खिलाफ कुछ दिनों पहले एसपी, कलेक्टर से भी की गई है लेकिन आज तक दबंगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिससे ये अंदाजा लगाया जा रहा है कब्जा करने वालों के साथ प्रशाासन के कुछ अधिकारी भी मिले हुए हैं। लोगों का यह भी कहना है कि कब्जा करने वाले लोग जबरन गुंडागर्दी करते हुए तालाब के पास मलबा डालकर रास्ता बंद कर रहे हैं और तालाब को हथियाना चाह रहे हैं।

पटवारी,राजस्व निरीक्षक सौंपेंगे प्रतिवेदन

तहसीलदार भरत सोनी ने बताया कि गंगासागर तालाब के पास रास्ता बंद करने की सूचना पर हंगामा विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई थी जिसकी सूचना पर मौके पर पुलिस के साथ जाया गया और अब क्षेत्र के पटवारी, राजस्व निरीक्षक से प्रतिवेदन मांगा गया है। मामले की पूरी वैधानिक जांच कराई जाएगी। प्रतिवेदन सामने आने के बाद ही सारी चीजें स्पष्ट हो जाएंगी कि आखिर विवाद क्यों हो रहा है।

इनका कहना है-

-गंगासागर तालाब के पास कुछ लोगों का निजी रास्ते को लेकर विवाद पता लगा है। तहसीलदार से प्रतिवेदन मांगा गया है। जांच प्रतिवेदन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। कानून के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

अनुराग सिंह,एसडीएम, गोरखपुर

Next Post

नींद का झौंका आने से पिकअप पेड़ से टकराया, एक की मौत 

Mon Jun 16 , 2025
जबलपुर। कुंडम थानाक्षेत्र में नींद का झौंका आने से पिकअप पेड़ से टकरा गया। हादसे में एक की मौत हो गई जबकि कई घायल हो गए।‌ जानकारी के मुताबिक कुंडम निवासी बिष्णु कुशवाहा परिवार को लेकर पिकअप क्रमांक एमपी 20 जीबी 5463 से शहपुरा में रिश्तेदार के घर कार्यक्रम में […]

You May Like

मनोरंजन