भिंड: जिले के मिहोना कस्बे में झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से किसान की जान चली गई। सर्दी-खांसी के इलाज के लिए क्लिनिक पहुंचे किसान को डॉक्टर ने गलत इंजेक्शन लगा दिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही देर में मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी डॉक्टर विजय बंगाली के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। घटना के बाद से आरोपी डॉक्टर फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
जगनपुरा गांव निवासी अखिलेंद्र उर्फ नीरू सिंह राजावत (40) को सर्दी-खांसी और जुकाम की शिकायत थी। वह दोपहर इलाज कराने के लिए मिहोना कस्बे के कश्मीर क्षेत्र स्थित डॉक्टर विजय बंगाली की क्लिनिक पर गए थे।इलाज के दौरान डॉक्टर ने जैसे ही अखिलेंद्र को इंजेक्शन लगाया, उनकी हालत अचानक बिगड़ने लगी। परिजन कुछ समझ पाते या उन्हें बचाने का प्रयास करते, इससे पहले ही किसान ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों ने हंगामा करते हुए डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया और पुलिस को सूचना दी। डॉक्टर पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है।
