खंडवा में तालाब की जमीन पर बने लगभग 100 मकान ध्वस्त

खंडवा,12 जून (वार्ता ) मध्यप्रदेश के खंडवा नगर के शकर तालाब क्षेत्र में जिला प्रशासन ने पक्के आवासीय अतिक्रमणों के खिलाफ आज बड़ी मुहीम चलाकर सौ से ज्यादा मकान जमींदोज कर दिए।
शकर तालाब क्षेत्र में लगभग सोलह एकड़ में फैले इस तालाब की जमीन पर 137 पक्के 35 से 40 वर्ष पुराने अतिक्रमण थे, जिन्हें हटाने के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे। अंततः आज भारी पुलिस बल के साथ 10 जेसीबी, 4 पोकलेन, 3 फायर ब्रिगेड, 10 डम्फर सहित 3 एम्बुलेंस का बड़ा काफिला मौके पर पहुंचा, जिसमें जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे। अतिक्रमण की कार्यवाही के पूर्व सभी उन मकानों को खाली करा लिया गया, जिन्हें तोडा जाना था।
नगर निगम उपायुक्त एस आर सिटोले ने जानकारी देते हुए बताया कि खंडवा के रामेश्वर क्षेत्र में शासकीय महरानी लक्ष्मीबाई गर्ल्स स्कूल के पीछे की तरफ पहले एक बड़ा तालाब हुआ करता था, जिसे शकर तालाब के नाम से जाना जाता है। इस तालाब की जमीन धीरे-धीरे अतिक्रमण का शिकार हो गई और तालाब खत्म हो गया। हालाँकि बारिश के दिनों यहाँ अब भी जलभराव होता है, लेकिन यहाँ के रहवासी इसे निकाल देते थे। लंबे समय बाद नगर निगम प्रशासन ने इसे खाली कराने के लिए बड़ी मुहीम चलायी। विगत चार माह से सभी अतिक्रमणकारियों को लगातार नोटिस दिए गए। मुनादी भी कराई गई, लेकिन कोई भी स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने को तैयार नहीं था। इसके बाद जिला प्रशासन और पुलिस के साथ नगर निगम ने संयुक्त कार्यवाही की।
उन्होंने बताया कि शकर तालाब की जमीन पर 137 लोगों ने अस्थाई रूप से अतिक्रमण कर रखा था, इनमें से उच्च न्यायालय द्वारा 27 लोगों को स्टे दिया गया है। हाउसिंग बोर्ड द्वारा 12 मकान आवंटित है। इन्हें छोड़कर शेष को आज गिराने की कार्यवाही की जा रही है। सभी को वैकल्पिक साधन उपलब्ध कराए गए हैं।

Next Post

अहमदाबाद विमान हादसे पर यादव ने जताया दुख

Thu Jun 12 , 2025
भोपाल, 12 जून (वार्ता) गुजरात के अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे को लेकर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दु:ख व्यक्त करते हुए ईश्वर से सभी यात्रियों के कुशल होने की कामना की है। डॉ यादव ने एक्स पोस्ट में कहा कि अहमदाबाद में यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त […]

You May Like

Play sound