भोपाल, 10 जून (वार्ता) पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) के भोपाल रेल मंडल ने मई माह में 163.05 करोड़ रुपए का राजस्व अर्जित किया है।
भोपाल रेल मंडल के प्रवक्ता ने आज बताया कि भोपाल रेल मंडल द्वारा रेल सेवाओं की गुणवत्ता सुधार और राजस्व में वृद्धि की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। भोपाल रेल मंडल की वाणिज्य विभाग की टीम के समन्वित प्रयासों से रेलवे को मई माह में 163.05 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ है। इसमें यात्रियों से हुई आय का प्रमुख योगदान रहा, जिसमें लगभग 35.85 लाख यात्रियों से 78.28 करोड़ रुपए प्राप्त हुए। इसके अतिरिक्त माल परिवहन से 65.32 करोड़ रुपए, अन्य कोचिंग सेवाओं से 6.75 करोड़ रुपए और विविध स्रोतों से 12.70 करोड़ रुपए का राजस्व मिला है।
उन्होंने बताया कि यह दर्शाता है कि भोपाल रेल मंडल ने यात्री सुविधाओं और माल ढुलाई के क्षेत्रों में संतुलित रूप से बेहतर प्रदर्शन किया है। रेलवे यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और शिकायत रहित रेल सेवा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। राजस्व वृद्धि के लिए आधुनिक तकनीकों, बेहतर ग्राहक सेवा और व्यावसायिक रणनीतियों के माध्यम से सतत कार्य किया जा रहा है।
