जबलपुर : गोरखपुर थाना अंतर्गत शंकर शाह नगर में एफडी को लेकर उपजे विवाद पर ससुर, साले ने कलेक्ट्रेट में पदस्थ दृष्टिबाधित पीयून को सीढ़ी से घसीटते हुए नीचे ले आए और धमकाते हुए उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। पुलिस ने रिपोर्ट पर एफआईआर दर्ज कर ली है।पुलिस ने बताया कि गुरूवार को रघुवीर सिंह राजपूत 51 वर्ष, निवासी शंकर शाह नगर पीडब्लू डी कॉलोनी ने रिपोर्ट दर्ज करायी कि वह कलेक्टर कार्यालय में पीयून (चपरासी) के पद पर पदस्थ है।
जन्म से ही दृष्टिबाधित है। उसके ससुर सीताराम मालवीय और साला अजय मालवीय उसके निवास पर आये। उसी समय वह दूध लेकर ऊपर जा रहा था, जो उसे पीछे से आवाज लगाकर गाली देते हुए बोले कि तुम बहुत फोन लगाकर एफडी मांगते हो, आज तुम्हारे हाथ-पैर तोडक़र एफडी तुम्हारे परिवार को तुम्हारी लाश दे दूँगा। उसने ससुर और साला से बोला कि पासबुक मेरी है, क्यों नही दोगे, इसी बात पर साला अजय उसे सीढ़ी से घसीटते हुए नीचे लेकर आया और फिर ससुर व साला दोनों ने मिलकर हमला कर उसे चोट पहुंचा दी। दोनों यह बोलकर चले गए कि अब एफडी और पासबुक मांगने के लिए फोन करेगा तो जान से मार देगें।
