बिक्रमगंज (रोहतास), 30 मई (वार्ता) बिहार की धरती से आतंकवादियों को ‘कल्पना से परे की सजा भुगतने’ की चेतावनी देकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए अपना वादा पूरा करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज प्रदेशवासियों को भगवान राम के कुल की रीति की याद दिलाते हुए कहा कि लोग जानते हैं भागवान राम और उनके कुल की रीति क्या थी, ‘प्राण जाए पर वचन न जाई’ यानी जो वचन एक बार दे दिया वो पूरा होकर ही रहता है।
श्री मोदी ने बिहार में करीब चार माह बाद होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले शुक्रवार को रोहतास जिले के बिक्रमगंज में करीब 48 हजार करोड़ रुपये की परियाजनों का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “लोग जानते हैं भागवान राम और उनके कुल की रीति क्या थी ‘प्राण जाए पर वचन न जाई’ यानी जो वचन एक बार दे दिया वो पूरा होकर रहकर ही रहता है। प्रभु श्रीराम की यह रीति अब नए भारत की नीति बन गई है।”
प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृतव की प्रशंसा करते हुए कहा कि श्री कुमार की अगुवाई में जब जंगलराज वाली सरकार की विदाई हुई तो बिहार भी प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ने लगा। टूटे राजमार्ग, खराब रेलवे, गिनी-चुनी फ्लाइट कनेक्टिविटी वह दौर अब इतिहास बन चुका है, पीछे छूट रहा है। कभी बिहार में एक ही हवाईअड्डा पटना में था लेकिन आज दरभंगा हवाईअड्डा भी शुरू हो गया है। अब यहां से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे शहरों के लिए विमान मिलते हैं। बिहार के लोगों की लंबे समय से मांग थी कि पटना हवाईअड्डे के टर्मिनल को आधुनिक बनाया जाए। अब यह मांग भी पूरी हो गई है। कल शाम मुझे इस नए टर्मिनल भवन का लोकार्पण करने का सौभाग्य मिला है। यह नया टर्मिनल अब एक करोड़ यात्रियों को संभाल सकता है। बिहटा हवाईअड्डा पर भी 1400 करोड़ रुपये का निवेश हो रहा है।
