भिंड:जनवरी माह के दूसरे हफ्ते से अचानक ठंड बढ़ने से आमजन ही नहीं आवारा पशुओं की भी ठंड से हालत बेहाल हो रही है। औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर में आमजन एवं राहगीरों की सर्दी से राहत दिलाने के लिए नगर परिषद द्वारा अलाव के लिए कुछ पाइंट बनाए गए हैं। जैसे- हरिराम की कुईया एटलस चौराहा, हनुमान चौराहा, एसबीआई बैंक, एसआरएफ चौराहा आदि, लेकिन इन प्वाइंटों पर रोजाना अलाव के लिए लकड़ी नहीं पहुंच पातीं।
लोगों के बार-बार कहने पर लकड़ी आती हैं तो कभी अपनी मर्जी से गीली लकड़ी ही डाल जाते हैं जिनमें से आग नहीं सिर्फ धुआं ही उठता है। जिसकी जानकारी अधिकारी को भी नहीं रहती। दरअसल जनवरी माह के दूसरे हफ्ते में सर्दी ने अपना कहर बरपाना शुरू कर दिया है। लगातार 2 दिन से कड़ाके की ठंड से लोगों की कंपकंपी छूटने लगी है।
जिसके लिए प्रशासन द्वारा नगर पालिकाओं को जगह-जगह विभिन्न स्थानों पर अलाव जलवाने के निर्देश दिए हैं। जिससे लोगों को ठंड से काफी हद तक राहत मिल सके।आज गुरुवार को ठंड से परेशान लोगों ने अलाव की लकड़ी जलाने का काफी प्रयास किया, लेकिन कोशिश व्यर्थ रही। क्योंकि अलाव पर पड़ी लकड़ियां गीली थीं, सभी प्वाइंटों का जायजा लिया गया, तो सभी जगह गीली लकड़ी थी।
