राऊ में बेकाबू इनोवा ने चार दोपहिया और ट्रैक्टर को मारी टक्कर, पांच घायल

इंदौर. राऊ थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर तेज रफ्तार इनोवा ने श्रमिक कॉलोनी के सामने चार दोपहिया वाहनों और एक ट्रैक्टर को टक्कर मार दी. हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने कार जब्त कर चालक अमन मालवीय को हिरासत में लिया है.

इनोवा करीब 80 से 90 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से आ रही थी. चालक ने पहले एक एक्टिवा को टक्कर मारी और इसके बाद तीन बाइक को चपेट में ले लिया. इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रैक्टर से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर सड़क के दूसरी तरफ जाकर पलट गया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोपहिया वाहनों को टक्कर मारने के बाद चालक ने कार आगे बढ़ाने की कोशिश की. इस दौरान कुछ घायल करीब 200 फीट तक कार के साथ घिसटते चले गए. हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की. घायलों में राजपाल सिंह, भगत सिंह, पवन, मुस्तफा सहित एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं.

तीन एक्टिवा सवार, एक बाइक सवार और ट्रैक्टर सवार के घायल होने की जानकारी सामने आई है. सभी को अलग अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया है. एक घायल का यूनीक अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई गई है. घायल मुस्तफा बिजलपुर के रहने वाले हैं. बताया गया कि उनके बेटे की दो दिन बाद सगाई है और वह कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे थे. हादसे के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. केसरबाग रोड पर अमन मालवीय का कार गैराज है. पिगडंबर निवासी देवेंद्र जोशी की इनोवा सर्विसिंग और रिपेयरिंग के लिए गैराज पर आई थी. काम पूरा होने के बाद अमन कार का ट्रायल लेने और उसे मालिक को लौटाने के लिए निकला था. इसी दौरान श्रमिक कॉलोनी के सामने हादसा हो गया. मामले में एसीपी गांधी नगर निधि सक्सेना ने नव भारत को बताया कि हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं. एक घायल की हालत गंभीर है, जिसका यूनीक अस्पताल में उपचार चल रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया. कार चालक को हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है.

 

 

बॉक्स…

एंबुलेंस नहीं मिली तो पुलिस ने एफआरवी से पहुंचाया अस्पताल

हादसे की सूचना मिलते ही एसीपी गांधीनगर निधि सक्सेना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं. एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने पर पुलिस ने डायल 112 के एफआरवी वाहन की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया. पुलिसकर्मियों ने मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की.

Next Post

राधाकृष्णन ने नेपाल में बाढ़ से मची तबाही पर जताया शोक

Wed Aug 26 , 2026
नयी दिल्ली 26 अगस्त (वार्ता) उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने पड़ोसी मुल्क नेपाल में बाढ़े से हुई जान-माल की हानि पर शोक व्यक्त किया है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।श्री राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “नेपाल में अचानक आयी बाढ़ से हुई जान-माल की […]

You May Like