
रतलाम। जिले के बिलपांक थाना क्षेत्र के गाँव बड़ोदिया में छोटी सी बात पर हुए विवाद में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। एक माह पूर्व शादी में डीजे पर नाचने को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजीश में रविवार-सोमवार की रात गांव में फिर से कुछ युवकों में विवाद हो गया। विवाद इतना बड़ा कि पत्थर चले। जिसमें एक युवक की मौत हो गई। दो घायल हो गए। मृतक की एक माह पहले ही शादी हुई हैं।
रविवार रात मृतक के अंकल के लडक़े दीपक भीलवाड़ा की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। उसी दौरान गांव ईटावाखुर्द निवाासी प्रमोद उर्फ पम्मा आया। इसके साथ गांव के ही विकास पिता रामचन्द्र, जगदीश पिता मदनलाल, सुनील पिता गोवधन निवासी बड़ोदिया आए। श्यामलाल भीलवाड़ा, इसके भाई संजय व रिश्ते में भाई मनोज पिता कारूजी व दशरथ पिता ओमप्रकाश भी प्रमोद से मिलने गांव के शासकीय माध्यमिक स्कूल परिसर में गए। यहां पर पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहा सुनी हुई। कहासुनी विवाद में तब्दील हो गई। प्रमोद के अन्य दोस्त विनोद पिता भरतलाल, रवि पिता राधेश्याम निवासी ग्राम बड़ोदिया, दीपक निवासी ग्राम ईटावाखुर्द भी आ गए थे। उन्होंने हमला कर मारपीट कर दी। हमले में श्यामलाल पिता रूपालाल निवासी गांव बड़ोदिया, रिश्तेदार में भाई मनोज पिता कारूजी 28 वर्ष व दशरथ पिता ओमप्रकाश 23 वर्ष निवासी बड़ोदिया घायल हो गए। जिस जगह घटना हुई है उस स्कूल परिसर में सीसीटीवी लगे है, लेकिन घटना के पहले उन कैमरे को तोड़ दिया। रात में मारपीट के दौरान चिल्लाचोट होने पर घरवालों को पता चला। जब गांव वाले वहां पहुंचे तो भीड़ को देख हमला करने वाले वहां से भाग गए।
