विकसित भारत के लिए जरूरी है, विकसित कृषि : शिवराज

नयी दिल्ली 19 मई (वार्ता) केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विकसित कृषि संकल्प अभियान की घोषणा करते हुए साेमवार को कहा कि विकसित भारत के लिए विकसित कृषि, विकसित खेती और समृद्ध किसान जरूरी है।

श्री चाैहान ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि देशव्यापी ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ 29 मई से अभियान आरंभ होगा और 12 जून तक चलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘लैब टू लैंड’ के संकल्प के अनुसार शोध और तकनीक के लाभ देशभर के किसानों तक पहुंचाये जाएंगे। यह अभियान खरीफ और रबी दोनों फसलों की बुआई से पहले हर साल चलेगा। इस वर्ष 2,170 दल देशभर में 65 हजार से अधिक गांवों में किसानों से सीधा संवाद करेंगे।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक दल में कम से कम चार कृषि विज्ञानी होंगे। ये दल गांवों तक जाएंगे और किसानों की समस्याओं का समाधान करेंगे। ये अभिनव, महत्वपूर्ण और रचनात्मक अभियान है, इसमें किसान और विज्ञान दोनों जुड़ेंगे। इसमें 731 कृषि विज्ञान केंद्रों और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के 113 संस्थानों के वैज्ञानिक-विशेषज्ञ सक्रिय रूप से भाग लेंगे। यह अभियान 723 जिलों में चलाया जाएगा। प्रत्येक जिले के लिए तीन दलों का गठन होगा। इनमें कृषि, बागवानी, पशुपालन, मछली पालन आदि विभागों के अधिकारी, वैज्ञानिक एवं नवोन्मेषी किसान भी शामिल हैं। अभियान में 1.30 करोड़ से अधिक किसानों से सीधा संवाद होगा।

श्री चौहान ने कहा कि लगभग 145 करोड़ की आबादी वाले देश में सबको भरपूर खाद्यान, सब्जियां और फल की उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार का सपना और संकल्प एक दिन भारत को ‘फूड बास्केट आफ वर्ल्ड’ बनाना है।

 

 

Next Post

मोदी ने बिडेन के स्वास्थ्य को लेकर जतायी चिंता

Mon May 19 , 2025
नयी दिल्ली 19 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जोसेफ आर बिडेन को कैंसर होने संबंधी खबर पर चिंता जतायी है और उनके पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की है। श्री मोदी ने एक्स पर अपने संदेश में कहा, “श्री जोसेफ आर बिडेन के स्वास्थ्य के […]

You May Like