
पन्ना।
झोलाछाप डॉक्टर ने एक नाबालिग लड़की को डॉक्टरी सिखाने का झांसा देकर क्लीनिक मे दुष्कर्म कर डाला जिस पर उक्त झोलाछाप डॉक्टर पर मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है। हासिल जानकारी के अनुसार पन्ना जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र स्थित पहाडीखेरा चौकी बस स्टैण्ड के समीप क्लीनिक में एक झोलाछाप डॉक्टर द्वारा 17 वर्षीय नाबालिक के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। मामले की रिपोर्ट के बाद पुलिस द्वारा आरोपी शिवप्रसाद वर्मा पिता पराग वर्मा निवासी हरसौली थाना कर्वी जिला चित्रकूट को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले को लेकर जो जानकारी सामने आई है उसके अनुसार आरोपी पिछले कुछ माहों से बस स्टैण्ड में एक क्लीनिक खोलकर लोगों का इलाज का काम करता था और उसी क्लीनिक में रह रहा था। पीडिता नाबालिक एक बार अपने पिता के साथ दवा कराने के लिए क्लीनिक में आई थी जहां पर आरोपी द्वारा पीडिता के पिता से कहा गया कि आपकी पुत्री पढी-लिखी है इसे वह डॉक्टरी सिखवाकर काम में लगावा देगा। जिसके बाद पीडिता का पिता अपनी बेटी को आरोपी झोलाछाप चिकित्सक के पास भेजने लगा और विगत दिनों आरोपी द्वारा नाबालिक के साथ दुष्कर्म किए जाने की घटना की। घटना के बाद पीडिता द्वारा अपने घर में जानकारी दी गई जिसके बाद पीडिता अपने पिता के साथ पहाडीखेरा चौकी पहुंची। जिसके बाद पीडिता को पहाडीखेरा चौकी पुलिस द्वारा महिला थाना भिजवाया गया जहां पर पीडिता की रिपोर्ट पर आरोपी झोलाछाप चिकित्सक शिव प्रसाद वर्मा उम्र 55 वर्ष के विरूद्ध महिला थाना पन्ना में प्रकरण दर्ज किया गया।
