मुंबई, 29 अप्रैल (वार्ता) ढोलकिया लैब ग्रोन डायमंड (डीएलजीडी) ने विभिन्न निवेशकों से 800 करोड़ रुपये की पूंजी जुटायी है। कंपनी ने बुधवार को बताया कि मुख्य निवेश अबैकस से प्राप्त हुआ है। साथ ही आईसीआईसीआई वेंचर्स आईएएफ5, अमल पारिख और अन्य प्रमुख निवेशकों ने भी डीएलजीडी में पूंजी लगायी है। यह देश के लैब-ग्रोन डायमंड सेक्टर में विकास के चरण में सबसे बड़े निवेशों में से एक है।
ढोलकिया लैब ग्रोन डायमंड की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस पूंजी का इस्तेमाल कंपनी के अगले चरण के विकास के लिए किया जायेगा। इसमें लैब-ग्रोन डायमंड के उत्पादन का विस्तार, कार्यशील पूंजी को मजबूत करना और पूरे देश में भौतिक खुदरा नेटवर्क का विस्तार शामिल है। इसके साथ ही, कंपनी ऑप्टिकल, क्वांटम और थर्मल क्षेत्रों के लिए प्रिसिजन सिंगल-क्रिस्टल डायमंड पर अपने काम को आगे बढ़ायेगी, जिससे रक्षा, सेमीकंडक्टर और डीप-टेक सेक्टर की बदलती जरूरतों को पूरा किया जा सके।
हरि कृष्णा ग्रुप की लैब-ग्रोन डायमंड ज्वेलरी शाखा डीएलजीडी की स्थापना सावजी ढोलकिया, घनश्याम ढोलकिया, हिम्मत ढोलकिया और तुलसी ढोलकिया ने की थी। कंपनी ने साल 2018 में ही अमेरिकी खुदरा विक्रेताओं के बीच लैब-ग्रोन डायमंड को पेश किया था। हरि कृष्णा ग्रुप के संस्थापक सावजी ढोलकिया ने नयी पूंजी जुटाने के बारे में कहा, “यह मेरे लिए गर्व और संतोष का क्षण है, खासकर आठ साल पहले नेतृत्व अगली पीढ़ी को सौंपने के बाद। उन्हें समान सोच वाले निवेशकों के साथ सहयोग करते देखना उनकी दृष्टि की मजबूत पुष्टि है कि वे इस प्लेटफॉर्म को अधिक गति और महत्वाकांक्षा के साथ आगे बढ़ायेंगे।”

