ग्वालियर: शहर में पिछले कई दिनों से जारी उमस और चिपचिपी गर्मी से आखिरकार लोगों को राहत मिल गई। गुरुवार सुबह हुई बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। लंबे इंतजार के बाद हुई वर्षा से तापमान में गिरावट आई और वातावरण में ठंडक घुल गई। बारिश के बाद शहर की सड़कों पर पानी नजर आया।पिछले कई दिनों से शहर में बादल छाए रहने के बावजूद अच्छी बारिश नहीं हो रही थी। उमस के कारण लोगों को दिन के साथ-साथ रात में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। घरों के भीतर भी गर्मी और पसीने की चिपचिपाहट से लोग बेहाल थे। ऐसे में गुरुवार सुबह हुई बारिश ने शहरवासियों को काफी राहत दी है।
मौसम विभाग पहले से ही ग्वालियर में बारिश की संभावना जता रहा था।
मौसम के आंकड़े
मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह 5.30 बजे तापमान 27.8 डिग्री और 8.30 बजे 28.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज का न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक है। सुबह 5.30 बजे (03Z) हवा में नमी का स्तर 91 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8 प्रतिशत अधिक है।
पिछले 24 घंटों में सुबह 8.30 बजे तक 0.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। इस सीजन में अब तक कुल 408.8 मिमी वर्षा हो चुकी है।
