
शहडोल। जिला चिकित्सालय शहडोल में पदस्थ एक डॉक्टर और सोहागपुर थाने के पुलिस कर्मियों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। जिसमें पुलिस द्वारा मारपीट कर डॉक्टर को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। यह घटना शुक्रवार देर रात लगभग 1.30 के बाद हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉक्टर अपने घर के पास ही बाहर थे। इसी दौरान रात्रि गस्त करते हुए सोहागपुर थाने के एएसआई सुभवंत चतुर्वेदी और प्रधान रक्षक हरेंद्र सिंह वहां पहुंचे। डॉक्टर से पूछा कि इतनी रात को बाहर क्यों बैठे हो, इसी बात को लेकर डॉक्टर और पुलिस कर्मियों में विवाद हो गया। जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. कौशलेंद्र द्विवेदी की पुलिसकर्मियों ने जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा जिसमें घटना के दौरान डाक्टर की पत्नी और पिता बचाव करते दिखाई दे रहे हैं।
जिला अस्पताल में पदस्थ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. कौशलेंद्र द्विवेदी शुक्रवार देर रात ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे थे, जैसे ही वह आईटीआई के समीप अपने निवास के पास पहुंचे, वहां रात्रि गश्त कर रही सोहागपुर पुलिस टीम ने उन्हें रोक लिया और देर रात बाहर रहने का कारण पूछा, इसी बात को लेकर कहासुनी हो हुई और बात हाथापाई तक पहुंच गई इसी बीच डॉक्टर ने पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ दी। घटना के बाद पुलिसकर्मियों में आक्रोश है, जबकि अन्य डॉक्टरों का कहना है कि अगर उन्हें सुरक्षा नहीं मिलती, तो वे हड़ताल करने को विवश होंगे। इसी बीच शनिवार को डॉक्टरों ने कमिश्नर और आईजी को ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन वायरल वीडियो को साक्ष्य के तौर पर संज्ञान में लिया गया है।
