
पिपरिया। मंगलवार सुबह सीताराम घाट पर नर्मदा स्नान करने पहुंचे तीन परिवारों के आठ बच्चे गहरे पानी में चले गए। मौके पर मौजूद सरपंच रामजी दीखत की मदद से 7 बच्चों को स्थानीय गोताखोरों और दुकानदारों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन हरदा निवासी 8 वर्षीय आयुष्मान दुबे लापता हो गया। सूचना पर एसडीएम अनिशा श्रीवास्तव के निर्देश पर एसडीईआरएफ और होमगार्ड की टीम तीन रेस्क्यू टीमों के साथ मौके पर पहुंची, जिन्होंने दिनभर आयुष्मान की तलाश की। सर्रा पुल तक जाल डाला गया, लेकिन देर रात तक उसका पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह फिर से तलाश जारी रखने की योजना है।
आपदा सहायता टीम द्वारा आयुष्मान दुबे को जगह जगह तलाशने की कोशिश की गई। इस दौरान हरदा,रिछेडा,बनखेडी के रिश्तेदार व परिजन उपस्थित रहे। एसआई किशन उईके ने बताया कि बनखेडी के पास रिछेडा से तीन परिवार अपने रिश्तेदारों के साथ बरेली के पास छींद हनुमानजी के दर्शन हेतु जा रहे थे। इसके पूर्व परिवार सहित सभी नर्मदा स्नान करने रूक गये इसी दौरान नहाते नहाते नर्मदाजी में नहाने वाले स्थान से बहुत दूर बच्चे निकल गये इसी दौरान सीढियो के पास बच्चो को डूबता देख व बच्चो के चिल्लाने पर उपस्थित साडिया सरपंच रामजी दीखत ने जोर जोर से आवाज दी तत्काल12 दुकानदार,गोताखोर,नाविक,मछुआरे नर्मदा नदी में कूदे व 7 बच्चे हर्षित बिलथरिया,रंचित बिलथरिया,कृष्णा बिलथरिया,वैष्णवी बिलथरिया , रिछेडा बनखेडी, गुड्डन, मनु दुबे हरदा,सत्यम कटारियां जबलपुर को गहरे पानी से निकाला।
