मुंबई,18 मार्च (वार्ता) अभिनेत्री मुस्मान बामने का कहना है कि सोनी सब के शो पुष्पा इम्पॉसिबल में जब उन्हें शनाया का रोल ऑफर हुआ तो वह बहुत उत्साहित हुयी।सोनी सब का चर्चित शो पुष्पा इम्पॉसिबल अपनी दिल छू लेने वाली कहानी और दर्शकों से जुड़ने वाले किरदारों के साथ लगातार दर्शकों का दिल जीत रहा है। कहानी में नया मोड़ तब आता है, जब शनाया (मुस्कान बामने द्वारा निभाया गया किरदार) की एंट्री होती है। शनाया एक आत्मविश्वासी और बेबाक युवती है, जो साउथ मुंबई से आती है। उसका विशेषाधिकारों से भरा नजरिया जब पुष्पा की चाल वाली जिंदगी से टकराता है, तो शो में नए समीकरण और दिलचस्प पल सामने आते हैं। इस टकराव से पुष्पा (करुणा पांडे) की यात्रा और भी गहरी हो जाती है।
मुस्कान बामने ने कहा, जब मुझे शनाया का किरदार ऑफर हुआ, तो मैं सचमुच बहुत उत्साहित थी। वह तुरंत ही अलग लगी, क्योंकि पुष्पा इम्पॉसिबल में अब तक जो दुनिया दिखाई गई है, उससे शनाया बिल्कुल अलग है। शनाया मज़बूत इरादों वाली, बेबाक और बेहद आरामदायक लाइफस्टाइल की आदी है। साउथ मुंबई से आने वाली एक लड़की का अचानक चाल के माहौल में खुद को ढालना मुझे बेहद दिलचस्प लगा। एक कलाकार के तौर पर, ऐसा किरदार निभाना रोमांचक है, जो कहानी की बनी-बनाई लय को तोड़ता है और अपने बोल्ड अंदाज़ के पीछे भावनात्मक परतें भी लेकर आता है।
मुस्कान बामने ने कहा, किसी ऐसे शो का हिस्सा बनना, जिसके पास पहले से ही समर्पित दर्शक हों, अपने आप में खास है। पुष्पा इम्पॉसिबल ने एक ऐसी दुनिया बनाई है, जिससे लोग सचमुच जुड़ते हैं। शनाया इस पसंद किए जाने वाले स्पेस में एक बिल्कुल अलग नज़रिए के साथ आती है और लाइफस्टाइल का यह टकराव कहानी को नया आयाम देता है। जो दर्शक पहले से इस शो से जुड़े हुए हैं, उन्हें अब देखने को मिलेगा कि कैसे एक नई पर्सनैलिटी सब कुछ हिला देती है।पुष्पा इम्पॉसिबल, हर सोमवार से शनिवार रात 9:30 बजे सोनी सब पर प्रसारित होता है।

