अहमदाबाद: गुरुवार को हुए भीषण एयर इंडिया विमान हादसे में मृतकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मृतकों की पहचान डीएनए के आधार पर की जा रही है और जिनकी पहचान हो गई है, उनके शव परिजनों को सौंपे जा रहे हैं। अब तक चार शव उनके परिवारों को सौंपे जा चुके हैं। हादसे के बाद राहत कार्यों में तेजी लाने और विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। इस दुर्घटना ने पूरे देश को गमगीन कर दिया है।
अब तक इस हादसे में 297 लोगों की मौत हो चुकी है। विमान में कुल 242 यात्री सवार थे, जिनमें से 241 की मौत की पुष्टि एयर इंडिया ने अपने आधिकारिक बयान में की है। हादसे में केवल एक यात्री जीवित बचा है, जो भारतीय मूल का ब्रिटिश नागरिक बताया जा रहा है और उसका इलाज अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में जारी है। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद पहुंचे। उन्होंने एयरपोर्ट पर अधिकारियों के साथ आपात बैठक कर राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की। पीएम मोदी ने अस्पताल जाकर घायलों का हाल जाना और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया।
