
मंदसौर। नगर पालिका परिषद मंदसौर में कार्यरत सफाई कर्मचारियों की 15 सूत्रीय वाजिब मांगों का अब तक कोई निराकरण न होने से भड़का आक्रोश लगातार गहराता जा रहा है। पिछले कई दिनों से जारी चरणबद्ध आंदोलन, ज्ञापन और काली पट्टी बांधकर किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों के बाद, गांधी चौराहे पर शुरू की गई अनिश्चितकालीन क्रमिक भूख हड़ताल लगातार जारी है। इसी कड़ी में आंदोलन को और तेज करते हुए राष्ट्रीय वाल्मीकि सेना मार्शल कौम, नगर पालिका सफाई कर्मचारी एवं समस्त कर्मचारी संयुक्त मोर्चा संघ के बैनर तले शाम 7 बजे गांधी चौराहे से एक विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। यह जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ पुनः धरना स्थल गांधी चौराहे पर पहुंचकर संपन्न हुआ।
जुलूस के समापन पर धरना स्थल पर उपस्थित हजारों की संख्या में मौजूद कर्मचारियों को मोर्चा के पदाधिकारियों द्वारा संबोधित किया गया। इस अवसर पर संयुक्त मोर्चा के राजाराम तंवर, मुकेश चनाल, विनोद खैरालिया, प्रकाश तंवर, बालूसिंग, राजेश परमार, हेमा कन्डारे और विक्रम तंवर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
धरने के दौरान राष्ट्रीय वाल्मीकि सेना मार्शल कौम एवं संयुक्त मोर्चा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर संतोष कल्याणे ने मंच से ही आगामी 5 अक्टूबर से प्रदेशव्यापी कामबंद हड़ताल की घोषणा कर दी है। आंदोलनकारी कर्मचारियों ने शासन-प्रशासन के अड़ियल रवैये पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि अपनी निष्ठा और कड़ी मेहनत से शहर को स्वच्छ रखने वाले सफाई कर्मचारियों की लंबे समय से उपेक्षा की जा रही है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को नियमित करना, ठेका व आउटसोर्सिंग जैसी शोषणकारी व्यवस्था को समाप्त करना, समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करना तथा 100 पुरुष व 100 महिला सफाई कर्मचारियों की नई भर्ती करना शामिल है। कर्मचारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस व लिखित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक यह भूख हड़ताल पूरी मजबूती से जारी रहेगी।
इस आंदोलन को नीमच से पहुंचे कर्मचारी प्रतिनिधियों के विशेष मंडल का पूर्ण समर्थन प्राप्त हुआ है। इसके अतिरिक्त सफाई मजदूर कांग्रेस ट्रेड यूनियन ने भी कामबंद हड़ताल के समर्थन में अपना औपचारिक सहमति पत्र सौंप दिया है। साथ ही अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा, मध्य प्रदेश कर्मचारी मंच तथा म.प्र. दैनिक वेतन भोगी कार्यभारित गैंगमैन एकता यूनियन (सीटू) सहित जिले के कई सामाजिक व श्रमिक संगठनों का समर्थन मिलने से आंदोलन का दायरा लगातार व्यापक होता जा रहा है। संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं निकाला गया, तो 5 अक्टूबर से मंदसौर सहित संपूर्ण प्रदेश के सफाई कर्मचारी पूरी तरह कामबंद हड़ताल पर चले जाएंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन व शासन की होगी।
