
पिपलियामंडी। नारायणगढ़ थाना पुलिस द्वारा 60.8 किलोग्राम डोडाचूरा जब्ती के मामले में गिरफ्तार आरोपी दिलखुश रावत को मंगलवार को एनडीपीएस एक्ट न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा है। वही तस्करी में धराए नाबालिग बालक को बाल संप्रेक्षण गृह रतलाम भेजने के आदेश हुए। पुलिस आरोपी से डोडाचूरा तस्करी के संबंध में पूछताछ कर रही है। नारायणगढ़ थाना प्रभारी राजेंद्र पंवार ने बताया कि पूछताछ में डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसके अलावा तस्करी में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इस संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
टीआई पंवार के अनुसार आरोपी मोहनसिंह की गिरफ्तारी के बाद तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आने की संभावना है। पुलिस फरार मोहनसिंह की तलाश में जुटी है। साथ ही मामले में पकड़े गए विधि-विरुद्ध बालक से भी पूछताछ कर तस्करी से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। गौरतलब है कि नारायणगढ़ पुलिस ने बरुजना-नारायणगढ़ मार्ग पर कार्रवाई करते हुए स्कार्पियो से 60.8 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया था। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया गया था। स्कार्पियो के चालक मोहनसिंह मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान डोडाचूरा के साथ स्कार्पियो, पिकअप वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किए थे।
