मुंबई, 18 मार्च (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेत्री शर्वरी का कहना है कि फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ में लीडिंग लेडी के रूप में चुना जाना उनके लिये सपने के सच होने जैसा है। बॉलीवुड फिल्मकार इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ में शर्वरी बोलीं मुख्य भूमिका में नजर आयेंगी। शर्वरी ने इम्तियाज़ अली के साथ काम करने के अनुभव और उनकी दुनिया का हिस्सा बनने के मायने साझा किये। शर्वरी ने कहा,“मुझे लगता है कि इम्तियाज़ अली की फिल्म की अभिनेत्री होना उस दुनिया में कदम रखने जैसा है, जहां किरदार और आपके अपने दिल के बीच की रेखाएं बेहद खूबसूरती से धुंधली होने लगती हैं। इम्तियाज़ सर ने हमें इतनी शानदार अभिनेत्रियां दी हैं, जिन्हें हम सभी ने वर्षों से पसंद किया है।”
शर्वरी ने कहा,‘मैं वापस आऊंगा’ में इम्तियाज अली की लीडिंग लेडी के रूप में चुना जाना मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। जब आलिया, दीपिका, करीना, अनुष्का जैसे कलाकार उनके साथ काम कर चुके हैं, ऐसे में उनका मुझे अपनी फिल्म की नायिका के रूप में देखना मेरे काम और मेरे सिनेमा के प्रति जुनून के लिए एक बहुत बड़ी मान्यता है। फिल्म “मैं वापस आऊंगा” 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

