घरेलू विवाद का खूनी अंत: हिवरखेड़ी में पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

बैतूल। घरेलू विवाद के चलते एक पति द्वारा अपनी पत्नी की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम हिवरखेड़ी की है, जहां पति ने गुस्से में आकर पत्नी का सिर दीवार पर पटक दिया और लकड़ी से पीटकर उसकी जान ले ली। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी बलराम चांगरे अपनी पत्नी रंजना चांगरे के साथ राजेंद्र चंदेल के ईंट भट्टे पर मजदूरी करता था। दोनों भट्टे के पास ही झोपड़ी बनाकर रहते थे। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि महिला को शराब पीने की आदत थी और वह अपनी सहेली रानू उइके के साथ अक्सर बाहर जाती थी। कई बार वह रात में घर नहीं लौटती थी, जिससे पति नाराज रहता था और दोनों के बीच झगड़ा होता रहता था। बताया गया कि 27 फरवरी से दोनों के बीच लगातार कहासुनी हो रही थी। 4 मार्च को होली के दिन महिला ने शराब पी ली थी, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच फिर विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान गुस्से में आए पति बलराम ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसने पत्नी का सिर दीवार से पटक दिया और लकड़ी से भी हमला किया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी ईंट भट्टे के मालिक ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

 

Next Post

पुलिस की पाठशाला: महिलाओं और बालिकाओं ने सीखा कैसे दर्ज होती है शिकायत और क्या हैं उनके अधिकार

Sat Mar 7 , 2026
भोपाल। पुलिस व्यवस्था, कानूनी प्रक्रियाओं और बाल संरक्षण से जुड़े प्रावधानों की जानकारी देने के उद्देश्य से भोपाल के गोविंदपुरा थाना में लगभग 70 महिलाओं और किशोरी बालिकाओं के लिए एक्सपोज़र विजिट का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम निवसीड–बचपन संस्था और महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से आयोजित […]

You May Like