अमेरिकी बंधक अलेक्जेंडर की रिहाई के लिए कोई युद्धविराम नहीं: इजरायल

यरूशलेम, 12 मई (वार्ता) इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार को कहा कि हमास की ओर से सोमवार को रिहा किए गए इजरायली-अमेरिकी बंधक एडन अलेक्जेंडर की रिहाई के बदले में कोई युद्धविराम नहीं होगा।

अमेरिका ने रविवार को इजरायल को सूचित किया कि हमास अमेरिका में जन्मे इजरायली सेना में सैनिक एडन अलेक्जेंडर को रिहा करेगा, जिसका सात अक्टूबर, 2023 को दक्षिणी इजरायल पर हमास के नेतृत्व वाले हमले में अपहरण कर लिया गया था, जिसमें 251 लोगों का अपहरण किया गया था और लगभग 1,200 अन्य मारे गए थे।

श्री नेतन्याहू ने एक बयान में कहा,“इजराइल ने किसी भी प्रकार के युद्ध विराम या आतंकवादियों की रिहाई के लिए कोई प्रतिबद्धता नहीं व्यक्त की है, बल्कि केवल एक सुरक्षित गलियारे के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की है, जिससे अलेक्जेंडर की रिहाई हो सके।”

उन्होंने कहा,“हम ऐसे महत्वपूर्ण दिनों में हैं, जब हमास को एक ऐसा समझौता पेश किया गया है, जिससे हमारे बंधकों की रिहाई संभव होगी। लड़ाई को और तेज़ करने की तैयारियों के दौरान बातचीत जारी रहेगी।”

इजरायली सेना रेडियो ने कहा कि अलेक्जेंडर की रिहाई के लिए सुबह से ही इजरायली लड़ाई रोक दी गई थी, जिसमें हवाई हमले और निगरानी ड्रोन भी शामिल थे।

एक सुरक्षा अधिकारी ने शिन्हुआ से कहा कि उम्मीद है कि अलेक्जेंडर को हमास द्वारा गाजा में रेड क्रॉस को सौंप दिया जाएगा और वहां से उसे अपने परिवार से मिलने के लिए गाजा पट्टी के निकट इजरायल के रेइम सैन्य अड्डे पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा।

अलेक्जेंडर, गाजा में शेष 59 बंधकों में से अमेरिकी नागरिकता वाला अंतिम जीवित बंधक है, जिनमें से इजरायल का मानना ​​है कि कम से कम 21 अभी भी जीवित हैं।

एक वरिष्ठ इजरायली अधिकारी ने कहा कि मध्य पूर्व के लिए अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ नेतन्याहू और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत के लिए सोमवार को इजरायल पहुंचे।

गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, अक्टूबर 2023 से गाजा पट्टी में इजरायली हमले में कम से कम 52,862 लोग मारे गए हैं।

Next Post

खंडवा में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण प्रारंभ

Mon May 12 , 2025
खंडवा। नागरिक सुरक्षा योजना में 180 वालिंटियर्स खोजे गए हैं। इन्हें पुलिस लाइन में ट्रेनिंग दी गई। इसके लिए 18 वर्ष से 50 वर्ष तक उम्र के स्वयं सेवक अपना नामांकन कराकर प्रशिक्षण प्राप्त कर देश एवं जिला खंडवा की सेवा में अपना योगदान दे सकते हैं। कलेक्टर ऋषव गुप्ता […]

You May Like