इंदौर:संभाग की सबसे बड़ी केंद्रीय जेल इंदौर में अब कैदियों की पेशी सीधे जेल से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगी. इसके लिए जेल परिसर में 18 अत्याधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष तैयार किए हैं. संभवतः अगले सप्ताह से इन्हें शुरु कर दिया जाएगा. इसके साथ ही दो विधिक सहायता कक्ष भी बनाए गए हैं, जहां कैदी वकीलों से परामर्श कर सकेंगे.
जेल अधीक्षक अलका सोनकर ने बताया कि जेल मुख्यालय द्वारा स्वीकृत 11 लाख रुपए से अधिक की राशि से ये कक्ष तैयार किए गए हैं, जो इसी सप्ताह से शुरु हो जाएंगे. अब कैदियों को अवश्यकीय मामलों को छोड़कर कोर्ट नहीं ले जाया जाएगा, जिससे पेशी के दौरान लगने वाली फोर्स की जरूरत भी कम होगी और सुरक्षा संबंधी जोखिम से भी राहत मिलेगी. गौरतलब है कि कैदियों को कोर्ट ले जाने के दौरान फोर्स की कमी और भागने की घटनाएं कई बार सामने आ चुकी हैं.
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम से अब ये समस्याएं काफी हद तक नियंत्रित की जा सकेंगी. इसके अलावा बंदी प्रतीक्षालय भी बनाया गया है, जहां जेल में ही पेशी के लिए बुलाए गए कैदियों को अस्थायी रूप से रखा जाएगा. श्रीमती सोनकर का कहना है कि इस नई व्यवस्था से न्यायिक प्रक्रिया तेज होगी और जेल सुरक्षा को लेकर प्रशासन को बड़ी राहत मिलेगी.
