इंदौर: शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में शामिल आरएनटी मार्ग स्थित दवा बाजार के बाहर अव्यवस्थित पार्किंग रोजाना यातायात व्यवस्था को बिगाड़ रही है. बाजार के सामने सड़क किनारे बड़ी संख्या में दोपहिया और चार पहिया वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जबकि पास में ही पार्किंग की व्यवस्था उपलब्ध है और वह निःशुल्क भी है. बावजूद इसके कई वाहन चालक सुविधा या लापरवाही के कारण सड़क पर ही वाहन खड़े कर देते हैं.
दवा बाजार में दवा खरीदने आने वाले लोगों को भी अपने वाहन निकालने और अंदर-बाहर आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. कई बार वाहन इस तरह खड़े कर दिए जाते हैं कि अन्य वाहन चालक लंबे समय तक फंस जाते हैं और जाम की स्थिति बन जाती है.
अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है
स्थानीय नागरिक विजय ढोलपुरे ने बताया कि यहां यह समस्या रोज की है. उन्होंने कहा कि सामने ही अलग से पार्किंग की व्यवस्था होने और उसके निःशुल्क होने के बावजूद लोग सड़क किनारे वाहन खड़े कर देते हैं. इससे हर दिन जाम की स्थिति बनती है और लोगों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है. स्थिति यह है कि सड़क का बड़ा हिस्सा वाहनों से घिर जाने के कारण यातायात बाधित होता है.
