भारतीय सेना की कार्रवाई ऑपरेशन सिंदूर पर गर्व- कांग्रेस

भोपाल: ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है और मध्य प्रदेश भी इससे अछूता नहीं है। प्रदेशभर में लोग खुशियाँ मना रहे हैं और मिठाइयाँ बाँट रहे हैं। इस महत्वपूर्ण सैन्य कार्रवाई पर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रतिक्रियाएँ दी हैं.

पटवारी ने कहा आज पूरा देश गर्व महसूस कर रहा है। सेना ने जो कार्रवाई की है, वह वास्तव में गर्व की बात है और इस पर हम सब एकजुट हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यह कार्रवाई पूरे विश्व के लिए एक कड़ा संदेश है कि भारत अपनी संप्रभुता और सुरक्षा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगा। पटवारी ने कहा कि भारत ने दुश्मन को उसी की भाषा में जवाब दिया है और यह विश्व के लिए एक स्पष्ट संदेश है कि भारत माता की आन-बान-शान पर जो भी प्रहार करेगा, उसे दुनिया के किसी भी कोने में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि पूरा देश इस समय एक साथ खड़ा है और सेना की इस कार्रवाई से पूरे देश में हर्ष का माहौल है।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी इस ऑपरेशन पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा, “सारे जहाँ से अच्छा, हिंदुस्तान हमारा। हमें हमारी इंडियन आर्मी पर गर्व है।” सिंघार ने अपनी सेना के शौर्य और पराक्रम को नमन करते हुए कहा कि आज पूरा देश सेना के साथ एक चट्टान की तरह खड़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि पूरा विश्व आतंकवाद के खिलाफ़ भारत के इस दृढ़ निर्णय में उसके साथ है।

जीतू पटवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत की सैन्य ताकतों से यह आग्रह किया कि कहीं भी आतंकवादी छिपे हों, जो भारत की धरती को नुकसान पहुँचाने की साजिश रचते हों, उन्हें पूरी तरह से नेस्तनाबूद कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से भविष्य में कोई भी भारत माता पर प्रहार करने की हिम्मत नहीं जुटा पाएगा। पटवारी ने पहलगाम की हालिया घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल हमारे नागरिकों की हत्या नहीं थी, बल्कि यह भारत के मूल मर्म, प्रेम, भाईचारे और मोहब्बत के अस्तित्व पर एक गहरा प्रहार था, जिसका करारा जवाब दिया जाना जरूरी था।

Next Post

सांची दूध 2 रुपए महंगा,महिला कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

Wed May 7 , 2025
भोपाल: मध्य प्रदेश की जनता को महंगाई का एक और झटका लगा है। मदर डेयरी और अमूल के बाद अब सांची दूध के दामों में भी ₹2 प्रति लीटर की वृद्धि हो गई है। यह नई कीमतें मंगलवार रात 12 बजे से प्रभावी हो गईं हैं। इस मूल्य वृद्धि के […]

You May Like

मनोरंजन