इंदौर: क्राइम ब्रांच ने नशे के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली से एक नाइजीरियन ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी जैकब देशभर में एमडी ड्रग्स की सप्लाई में संलिप्त रहा है। फिलहाल उसे इंदौर लाकर पूछताछ की जा रही है, जिससे बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।कुछ दिन पहले क्राइम ब्रांच ने एमआर-10 क्षेत्र से हरिओम झा (निवासी द्वारका, दिल्ली) और लक्ष्मी राजपूत (निवासी डोसा, राजस्थान) को 36 ग्राम एमडी ड्रग्स और एक कार के साथ गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि उन्होंने यह ड्रग्स दिल्ली में रहने वाले नाइजीरियन नागरिक जैकब से खरीदी थी और उसे जयपुर, इंदौर सहित अन्य शहरों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। इस सुराग के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम दिल्ली पहुंची और जैकब को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। उसे इंदौर लाकर हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, जैकब लंबे समय से भारत के कई शहरों में ड्रग्स सप्लाय कर रहा था और उसके संपर्क में कई अन्य स्थानीय व अंतरराज्यीय पेंडलर भी हैं। पूछताछ में अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े कई नए नाम उजागर हो सकते हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस रैकेट से जुड़ी और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
