
नीमच। जिले के धामनिया रोड पर सोमवार को हुए एक दर्दनाक सडक़ हादसे में गैस सिलेंडर सप्लाई करने वाले 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान पारस कुमावत पिता शंभूलाल कुमावत निवासी छोटी सादड़ी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार पारस कुमावत रोजाना की तरह गैस सिलेंडर सप्लाई करने के लिए अपने वाहन से धामनिया रोड क्षेत्र में पहुंचे थे। इसी दौरान वे एक ग्राहक को गैस सिलेंडर देने के लिए वाहन से नीचे उतरे। तभी तेज रफ्तार से आ रही एक अज्ञात कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पारस सडक़ पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनका एक पैर भी टूट गया।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्रित हो गए। लोगों ने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। गंभीर हालत में पारस को जिला चिकित्सालय नीमच पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके। मृतक के परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए छोटी सादड़ी लेकर पहुंचे, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
