
पन्ना। जिले के सुनवानी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गढ़ी करहिया के मजरा ग्राम रामनगर में रविवार को तेज आंधी और अंधड़ के कारण एक रिहायशी बस्ती में अचानक आग लग गई। तेज हवाओं ने आग को तेजी से फैलने में मदद की और देखते ही देखते बस्ती के कई मकान इसकी चपेट में आ गए।
सुनवानी थाना प्रभारी सरिता तिवारी ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। इस दौरान पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए जलते हुए घरों से कई गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की जानकारी मिलते ही अमानगंज थाना प्रभारी माधवी अग्निहोत्री भी मौके पर पहुंचीं। हालांकि, आग इतनी विकराल थी कि कई मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए, जिससे प्रभावित परिवारों को भारी नुकसान हुआ है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पन्ना कलेक्टर भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर तेज आंधी को इसका प्रमुख कारण माना जा रहा है।
