नयी दिल्ली, 01 मई (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ गिरिजा व्यास के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए पीड़ित परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
श्री खरगे ने कहा “ पूर्व केंद्रीय मंत्री, राजस्थान कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री डॉ. गिरिजा व्यास जी के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक, महिला कांग्रेस अध्यक्ष, कांग्रेस विचार विभाग की अध्यक्ष तथा कांग्रेस संदेश के संपादक पद सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर काम करते हुए देश और काँग्रेस पार्टी की सेवा की।”
उन्होंने कहा “ बुद्धिजीवी राजनीतिज्ञ, प्रभावशाली वक्ता और कुशल प्रशासक के रूप में उनका देहावसान कांग्रेस परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मात्र 25 वर्ष की आयु में राजस्थान विधानसभा की सदस्य बनने से लेकर चार दशकों तक उन्होंने विभिन्न संवैधानिक और संगठनात्मक भूमिकाओं में कांग्रेस और जनसेवा को समर्पित किया। एक सच्ची गांधीवादी के रूप में उन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वाह करते हुए महिलाओं के सशक्तिकरण की प्रेरक मिसाल प्रस्तुत की।”
श्री खरगे ने कहा “इस दुःखद घड़ी में मैं उनके परिवारजनों और शुभचिंतकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।”
श्री गांधी ने कहा “ पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमारी वरिष्ठ नेता डॉ. गिरिजा व्यास जी के निधन का समाचार सुनकर गहरा दुःख हुआ। शिक्षा, सामाजिक न्याय और विशेषकर महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा है। उनका जाना हम सभी के लिए एक अपूरणीय क्षति है। इस दुखद घड़ी में मैं उनके परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।”
