जर्जर भवन दे रहे बड़े हादसे को आमंत्रण

सीधी : जर्जर भवन बड़े हादसे को आमंत्रण दे रहे हैं। पीडब्ल्यूडी के निरीक्षण में चिन्हित 9 जर्जर भवनों को नपा द्वारा ध्वस्तीकरण का इंतजार किया जा रहा है।
दरअसल सीधी जिले में हाल ही में दो सरकारी जर्जर भवनों के हादसे हो चुके हैं। रामपुर नैकिन न्यायालय परिसर में स्थित जर्जर बंदीगृह की दीवाल बारिश के दौरान भरभराकर गिरने से वहां खड़े 4 लोग उसकी चपेट में आए। 2 की मौत हो गई और 2 लोग घायल हो गए थे। अगले ही दिन शहर के छत्रसाल स्टेडियम काम्प्लेक्स की दुकानों के जर्जर छज्जा धराशाई हो गए। लोक निर्माण विभाग द्वारा नगर पालिका परिषद सीधी क्षेत्र के 9 अत्यंत जर्जर और खतरनाक भवनों को चिन्हित करते हुए स्पष्ट कहा है कि ये भवन अब मानव निवास के लिए नहीं हैं और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग संभाग सीधी द्वारा 21 जुलाई 2026 को सीएमओ को भेजे गए पत्र में बताया है कि नगर पालिका एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा संयुक्त निरीक्षण के बाद यह रिपोर्ट तैयार की गई थी। निरीक्षण में पाया गया है कि चिन्हित भवन अत्यंत क्षतिग्रस्त एवं जर्जर अवस्था में है। जिनमें रहना लोगों की जान के लिए खतरा बन चुका है। रिपोर्ट के अनुसार पुलिस लाइन के पास पुलिस कॉलोनी के तीन भवन, हरिजन बस्ती वार्ड 4 में दो मकान, नूतन कॉलोनी के 2 भवन, आजाद नगर वार्ड 14 का एक भवन तथा सराफा बाजार सवं सर्वोदय चौक वार्ड 19 के दो भवन गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त पाए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन भवनों का निर्माण कई वर्ष पूर्व हुआ था और अब उनकी स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि किसी भी समय इनके ढ़हने की आशंका बनी हुई है।

नपा ने मांगा था जर्जर भवनों पर प्रतिवेदन
नगर पालिका परिषद सीधी द्वारा बारिश के पूर्व ही शहर के जर्जर भवनों का वार्ड वार सर्वे कराया गया था। सर्वे के बाद चिन्हित किए गए जर्जर भवनों को सत्यापन के लिए लोक निर्माण विभाग भेजा गया था। पीडब्ल्यूडी के पत्र में साफ तौर पर कहा गया है कि वर्तमान मानसून के दौरान लगातार वर्षा के चलते जर्जर भवनों के गिरने का खतरा और बढ़ गया है। यदि समय रहते उन्हें खाली कराकर ध्वस्त नहीं कराया गया तो जन हानि से इंकार नहीं किया जा सकता। इसी कारण पीडब्ल्यूडी ने नगर पालिका को शीघ्र कार्रवाई करते हुए ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू करने की अनुशंसा की है।

इनका कहना है
लोक निर्माण विभाग से जर्जर भवनों के संबंध में प्रतिवेदन आ गया है जिसमें शहर के 9 भवन अत्यंत जर्जर स्थिति में बताए गए हैं। इनके तत्काल ध्वस्तीकरण की अनुशंसा की गई है। संबंधित भवन स्वामियों को ध्वस्तीकरण के लिए नोटिस जारी की जाएगी। यदि उनके द्वारा ध्वस्त नहीं कराया जाता तो नगर पालिका की ओर से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जावेगी।
रामप्रकाश जायसवाल, उपयंत्री नगर पालिका सीधी

Next Post

डेवाल्ड ब्रेविस ने मचाई तबाही! 32 गेंदों में 75 रन ठोककर दक्षिण अफ्रीका को दिलाई जीत, जिम्बाब्वे 7 विकेट से हारा

Sun Aug 30 , 2026
विंडहोक, नामीबिया टी20 ट्राइ-सीरीज में डेवाल्ड ब्रेविस ने 32 गेंदों में आतिशी 75 रन ठोककर दक्षिण अफ्रीका को जिम्बाब्वे पर 7 विकेट से धमाकेदार जीत दिलाई। नामीबिया के खिलाफ मिली हार के बाद दक्षिण अफ्रीका ने शानदार वापसी की है। नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड, विंडहोक में खेले गए नामिबिया T20I ट्राई-सीरीज […]

You May Like