
रीवा। जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बदवार गांव में गुरुवार को शराब ठेकेदार के गुर्गों द्वारा एक आदिवासी युवक पर जबरन अवैध शराब बेचने का दबाव बनाने का मामला सामने आया है. आरोप है की बोलेरो सवार लोगों ने युवक के घर पहुंच कर उस पर शराब बेचने का दबाव बनाया बल्कि विरोध करने पर उसे डराया और धमकाया भी.
हालांकि युवक ना तो उनके दबाव में आया और ना ही भयभीत हुआ बल्कि उसने उल्टा वीडियो बनाना शुरु कर दिया जिस दौरान वह अपना चेहरा छुपा कर भाग खड़े हुए. फिलहाल इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है जिसके सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और वह प्रशासन से निस्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. जानकारी के अनुसार बीते दिवस गुढ़ समूह के शराब ठेकेदार से जुड़े कुछ लोग एक बोलेरो वाहन से बदवार गांव पहुंचे. आरोप है कि यह लोग सीधे एक स्थानीय आदिवासी युवक के घर गए और उसे अपने क्षेत्र में अवैध शराब बेचने के लिए मजबूर करने लगे. हालांकि इस दौरान युवक ने हिम्मत दिखाते हुए ना सिर्फ विरोध किया, बल्कि पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया. वीडियो में युवक को स्पष्ट रूप से आरोप लगाते हुए सुना जा सकता है कि ठेकेदार के लोग उसे पर अवैध शराब बेचने का दबाव बना रहे है. इस दौरान जैसे ही युवक ने कैमरा उनकी ओर घुमाया तो वह अपनी पहचान छुपाने के लिए चेहरा ढकने लगे और तुरंत मौके से बोलेरो वाहन में सवार होकर फरार हो गए. ग्रामीणों का आरोप है कि शराब ठेकेदार के कर्मचारी आसपास के गावों में जाकर लोगों को डराते धमकाते हैं और अवैध कामों में शामिल होने के लिए दबाव बनाते हैं.
