हाईवा से भिड़ंत के बाद आग का गोला बनी स्कार्पियो, दो लोग जिंदा जले

*अपडेट*

जबलपुर। जबलपुर-मंडला हाईवे पर शनिवार शाम बरेला थाना अंतर्गत प्रसिद्ध शारदा मंदिर के पास नागा घाटी पर रेत से लदे एक तेज रफ्तार हाईवा और स्कार्पियो में आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि दुर्घटना के कुछ ही सेकेंड के भीतर स्कार्पियो में भयंकर आग लग गई और वह आग का गोला बन गई। इस दिल दहला, रोंगटे खड़े कर देने वाले सड़क हादसे में स्कार्पियो सवार दो लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और दोनों की गाड़ी के भीतर ही जिंदा जलने से मौके पर ही मौत हो गई।

स्कार्पियो को घसीटता ले गया हाईवा, चंद सेकेंड में खाक हुई गाड़ी

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार,शारदा मंदिर के पास नागा घाटी के समीप शनिवार शाम करीब 5 बजे रेत से लदे हाईवा की रफ्तार बेहद तेज थी। टक्कर लगते ही स्कार्पियो गाड़ी हाईवा के अगले हिस्से में फंस गई। इसके बावजूद हाईवा चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और वह स्कार्पियो को सड़क पर दूर तक घसीटता हुआ ले गया। रगड़ और टक्कर के कारण स्कार्पियो में अचानक ब्लास्ट हुआ और भीषण आग भड़क उठी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पलक झपकते ही गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

मौके पर मची चीख-पुकार, दमकल विभाग ने पाया काबू

हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। राहगीरों की सूचना पर बरेला पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम दमकल गाड़ियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने भारी मशक्कत के बाद स्कार्पियो में लगी आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गाड़ी के भीतर मौजूद दोनों सवार कंकाल बन चुके थे।

वाहनों की लंबी कतारें लगी

हादसे के चलते जबलपुर-मंडला मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और भीषण जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया।

ओवरटेक के चक्कर में हुआ हादसा, शिनाख्त में जुटी पुलिस

बरेला पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, यह भीषण हादसा एक वाहन द्वारा दूसरे वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान हुआ। तेज रफ्तार होने के कारण दोनों चालक वाहनों पर नियंत्रण नहीं रख पाए। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। चूंकि गाड़ी और उसमें सवार लोग पूरी तरह जल चुके हैं, इसलिए पुलिस स्कार्पियो के नंबर और चेसिस नंबर के आधार पर मृतकों की शिनाख्तगी और उनके परिजनों का पता लगाने के प्रयास कर रही है।

Next Post

प्रतिबंधित कोर क्षेत्र में अवैध प्रवेश, मत्स्याखेट, आरोपी गिरफ्तार

Sat Jun 13 , 2026
सिवनी। पेंच टाइगर रिज़र्व, सिवनी क्षेत्र अंतर्गत वन परिक्षेत्र गेम रेंज गुमतरा (कोर) के गश्ती दल को शनिवार को मुखबिर के माध्यम से प्रतिबंधित कोर क्षेत्र में अवैध प्रवेश एवं मत्स्याखेट की सूचना प्राप्त हुई। वन अमले द्वारा पुलिस दल के साथ संयुक्त रूप से त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलपुलडोह […]

You May Like