इंदौर: महापौर पुष्यमित्र भार्गव के नेतृत्व में निगम अधिकारियों की टीम ने अन्नपूर्णा से फूटी कोठी तक 14 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया. इस दौरान महापौर ने यातायात प्रबंधन की दृष्टि से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि यह सड़क पश्चिम क्षेत्र की लाइफ़लाइन साबित होगी. पिछले 40 वर्षों से इस क्षेत्र में झुग्गी-बस्ती थी, जिसे व्यवस्थित रूप से विस्थापित कर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नया आवास प्रदान किया गया है.
यह सड़क पश्चिम क्षेत्र के नागरिकों के लिए कनेक्टिविटी का महत्वपूर्ण साधन बनेगी। आगामी दो महीनों में सड़क का स्वरूप स्पष्ट रूप से दिखने लगेगा. सुदामा नगर से आवागमन को सुगम बनाने, ग्रीन बेल्ट के विकास, और यातायात प्रबंधन को सुचारू बनाने के उद्देश्य से योजना तैयार की गई है. निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, विधायक मालिनी गौड़, जनकार्य प्रभारी राजेंद्र राठौड़, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 4 के सभी पार्षद और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.
