
ग्वालियर। माधव विधि महाविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय एनएसएस शिविर के तृतीय दिवस की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई। स्वयंसेवकों ने प्रभात फेरी के माध्यम से समाज में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। इसके पश्चात योग एवं व्यायाम सत्र आयोजित किया गया। चित्रकारी एवं संगीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, विद्यार्थियों ने रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पर्यावरण जागरूकता रैली एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। बौद्धिक सत्र में मुख्य अतिथि महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापक डॉ. सपना दुबौलिया ने छात्र जीवन को व्यक्तित्व निर्माण का स्वर्णिम काल बताते हुए अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। समापन अवसर पर कार्यक्रम अधिकारियों ने स्वयंसेवकों की सहभागिता और उत्साह की सराहना की।
