
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ‘कृषि लोकरंग-2026’ के आयोजन को लेकर तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम को व्यापक और प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि इसकी जानकारी ग्रामीण क्षेत्रों तक सशक्त रूप से पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक किसानों और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया जाए और उनके अनुभवों को अन्य किसानों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने संभाग और जिला स्तर पर सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से कृषि से जुड़ी परंपराओं और नवाचारों को बढ़ावा देने की बात कही।
बैठक में किसानों को उन्नत तकनीक, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण और फसल विविधीकरण जैसे विषयों पर जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को अधिक रोचक और सहभागितापूर्ण बनाने के लिए कृषि क्विज जैसे नवाचार शामिल करने के निर्देश दिए, साथ ही विजेताओं को पुरस्कृत करने की योजना बनाने को कहा।
इसके अलावा, ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ को ‘किसान कल्याण वर्ष’ से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए, ताकि जल संरक्षण और कृषि विकास के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके।
