![]()
टीकमगढ़।जिले के पलेरा थाना क्षेत्र के जवाहरपुरा गांव में शनिवार को तीन बच्चों की तलैया में डूबने से मौत हो गई। मृतक बच्चों की पहचान यश (10), नैन्स (12) और संस्कार (12) के रूप में हुरई है।
शनिवार दोपहर तीनों बच्चे बिना किसी को बताए साइकिल से गांव से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित एक खेत की तलैया में नहाने गए थे। नहाते समय संस्कार गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने की कोशिश में यश और नैन्स भी गहरे पानी में चले गए और तीनों की मौत हो गई। जब बच्चे काफी देर तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। तलैया के किनारे बच्चों के कपड़े मिले और पानी में तीनों के शव मिले। स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकाला गया और पुलिस को सूचना दी गई। जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम के अनुसार, पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलेरा भेज दिया है। घटना के कोई प्रत्यक्षदर्शी अभी तक सामने नहीं आए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
