गेहूं खरीदी की तैयारियां तेज,रबी उपार्जन 2026 के लिए 82 हजार मीट्रिक टन का लक्ष्य

छतरपुर। जिले में रबी उपार्जन वर्ष 2026 के अंतर्गत गेहूं खरीदी को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। शासन द्वारा इस वर्ष जिले के लिए 82 हजार मीट्रिक टन गेहूं उपार्जन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। तैयारियों की समीक्षा के लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव रश्मि अरुण शमी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए किसानों में उत्साह देखा जा रहा है। अब तक 31 हजार 617 किसानों ने पंजीयन कराया है, जिनका कुल 67 हजार 361 हेक्टेयर रकबा पोर्टल पर दर्ज किया गया है। पंजीयन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अब प्रशासन उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है।

इस वर्ष केंद्र सरकार द्वारा गेहूं का समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। इसके साथ ही मध्यप्रदेश सरकार किसानों को 40 रुपये प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस देगी। इस प्रकार किसानों को कुल 2625 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान किया जाएगा।

जिले में गेहूं खरीदी के लिए 80 उपार्जन केंद्रों को अनुमति दी गई है। प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया ने निर्देश दिए हैं कि सभी केंद्रों पर पेयजल, छायादार व्यवस्था, टेबल-कुर्सी और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध हों। साथ ही कंप्यूटर, प्रिंटर, स्कैनर, नमी मापक यंत्र और इंटरनेट कनेक्टिविटी की व्यवस्था भी अनिवार्य होगी।

जिले में 2.5 लाख मीट्रिक टन भंडारण क्षमता उपलब्ध

प्रशासन द्वारा गुणवत्ता जांच पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नॉन-एफएक्यू श्रेणी का गेहूं किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। जिले में लगभग 2.5 लाख मीट्रिक टन भंडारण क्षमता उपलब्ध है। इसके अलावा बारदाने की उपलब्धता और ग्रेडिंग मशीनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं।

Next Post

बमीठा में प्रस्फुटन समितियों का प्रशिक्षण, संस्थागत प्रबंधन पर मार्गदर्शन

Thu Mar 12 , 2026
छतरपुर। राजनगर तहसील के सेक्टर चंद्रनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत बमीठा में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद भोपाल के निर्देशानुसार नवांकुर संस्था माइन्ड इम्पॉवरिंग सोशल फाउंडेशन द्वारा प्रस्फुटन समितियों का त्रैमासिक क्षमता वर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम पंचायत बमीठा के सरपंच सनत जैन, उद्यानिकी प्रभारी श्याम बाबू […]

You May Like