मोरवा पुलिस की नाकामी से बढ़ा अपराध: अशोक

सिंगरौली । मोरवा थाना क्षेत्र में बढ़ते अपराध और कथित अवैध कारोबार को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता अशोक सिंह पैगाम ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव-गांव, टोला-मोहल्लों में पान और अंडे के ठेलों से लेकर किराना दुकानों व कई होटलों तक शराब परोसी जा रही है। उनका आरोप है कि पुलिस के संरक्षण के कारण अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं।

श्री पैगाम ने कहा कि पुलिस की कथित नाकामी का उदाहरण विशेश्वर साहू का मामला है। उनके अनुसार करीब ढाई लाख रुपये का किराना सामान लेकर पिकअप वाहन सात दिन पहले गायब हुआ, लेकिन अब तक पुलिस वाहन और सामान का पता नहीं लगा सकी है। उनका कहना है कि पुलिस लगातार लोकेशन पता करने की बात कह रही है, लेकिन सात दिन बाद भी कोई ठोस सुराग सामने नहीं आया। कांग्रेस नेता ने मोरवा क्षेत्र में कथित अवैध शराब, रेत, कोयला चोरी, डीजल और कबाड़ के कारोबार का भी आरोप लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ये गतिविधियां लगातार चल रही हैं तो पुलिस की निगरानी व्यवस्था कहां है। श्री पैगाम ने प्रदेश सरकार, जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों पर भी सवाल उठाते हुए पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा है कि भाजपा सरकार के राज में कानून व्यवस्था चौपट है। वसूली चरम सीमा पर है। आम नागरिक परेशान है और बेगुनाह गरीबो को परेशान किया जाता है। अपराधियों को संरक्षण मिला हुआ है। उन्होंने मोरवा पुलिस की कार्यप्रणाली की जांच कर लापरवाही मिलने पर कार्रवाई तथा क्षेत्र में कथित अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की।

Next Post

सांसद भारत सिंह ने किया श्रमदान, सद्भावना शिविर में दिया समरसता का संदेश

Fri Oct 2 , 2026
ग्वालियर। गांधी-शास्त्री जयंती पर सांसद भारत सिंह कुशवाह कई कार्यक्रमों में शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम हस्तिनापुर में आयोजित अस्पृश्यता निवारणार्थ सद्भावना शिविर में सामाजिक समरसता का संदेश दिया, वहीं शहर में सेवा संकल्प अभियान 2.0 के तहत अलग-अलग स्थानों पर झाड़ू लगाकर श्रमदान किया। इस दौरान […]

You May Like