
ग्वालियर। गांधी-शास्त्री जयंती पर सांसद भारत सिंह कुशवाह कई कार्यक्रमों में शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम हस्तिनापुर में आयोजित अस्पृश्यता निवारणार्थ सद्भावना शिविर में सामाजिक समरसता का संदेश दिया, वहीं शहर में सेवा संकल्प अभियान 2.0 के तहत अलग-अलग स्थानों पर झाड़ू लगाकर श्रमदान किया। इस दौरान स्वच्छता मित्रों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया।
सांसद कुशवाह ने कहा कि गांधी और बाबा साहेब के सपनों का भारत तभी बनेगा, जब समाज के अंतिम व्यक्ति को भी बराबरी का सम्मान, स्नेह और अधिकार मिलेगा। अस्पृश्यता निवारण शिविर सामाजिक भेदभाव मिटाने और आपसी भाईचारा मजबूत करने का माध्यम है।
ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम हस्तिनापुर में जिला प्रशासन द्वारा अस्पृश्यता निवारणार्थ सद्भावना शिविर आयोजित किया गया। सांसद ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने सामाजिक समरसता और समानता का संदेश दिया। गांधी जयंती पर तहसील परिसर में झाड़ू लगाकर श्रमदान भी किया। इस दौरान स्वच्छता मित्रों को सुरक्षा किट और टी-शर्ट भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके बाद सांसद ने उपस्थित लोगों के साथ पंगत में बैठकर भोजन किया।
आंगनवाड़ी में गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार बांटा
सेवा संकल्प अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 28 के इंद्र नगर स्थित आंगनवाड़ी में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। सांसद कुशवाह ने आंगनवाड़ी का अवलोकन कर कार्यकर्ताओं से चर्चा की। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार और बच्चों को फल वितरित किए। इस दौरान सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। परिसर में पौधरोपण भी किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष करुणा सक्सेना, कार्यक्रम संयोजक गिरजा जाटव, मंडल अध्यक्ष प्रवीण भारद्वाज, ज्वाइंट डायरेक्टर उपासना राय, चेतन तोमर, लक्ष्मी दंडोतिया, गिर्राजा कंसाना, रश्मि उपाध्याय और पूनम राठौर मौजूद रहीं। एमएच चौराहे के पास स्थित योगा पार्क में भाजपा ग्वालियर ग्रामीण कैंटोनमेंट मंडल और छावनी परिषद मुरार द्वारा सेवा संकल्प अभियान 2.0 के तहत स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
