जिम के नीचे पटाखा गोदाम में लगी आग, युवाओं ने कूदकर बचाई जान

इंदौर:नायता मुंडला स्थित पटाखा गोदाम में लगी आग में एक कार और तीन बाइक जलकर राख हो गईं. गोदाम मालिक रवि का पटाखों के साथ डेकोरेशन का सामान भी पूरी तरह जल कर राख हो गया.नायता मुंडला इलाके में सनावदिया रोड स्थित पटाखा गोदाम में मंगलवार शाम अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी तेजी से फैली कि पास खड़ी एमपी 09 डीएन 4982 नंबर की कार और कई दो पहिया वाहन इसकी चपेट में आकर जलकर राख हो गईं. दमकल अधिकारी ने बताया कि गोदाम में बड़ी मात्रा में पटाखे और डेकोरेशन का सामान रखा था.

आग लगते ही पटाखे फूटने लगे और रॉकेट इधर-उधर जाने लगे, जिससे हालात और भयावह हो गए. आग की लपटें ऊपर बने जिम तक पहुंच गईं और पूरे इलाके में धुआं फैल गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार यह पटाखा गोदाम एक जिम के निचले हिस्से में बना हुआ था. जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय जिम के अंदर कई युवा वर्कआउट कर रहे थे. आग की लपटें और धुआं देखकर जिम में मौजूद युवाओं में हड़कंप मच गया और उन्हें अपनी जान बचाने के लिए जिम की खिड़कियों और ऊंचाई से नीचे कूदना पड़ा.
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद करीब 35 हजार लीटर पानी डालकर आग पर काबू पाया. इस दौरान पास खड़े एक आयशर वाहन को समय रहते हटा लिया गया, जिससे वह बच गया. फायर ब्रिग्रेड के एसआई संतोष दुबे ने बताया कि आग में एक कार और तीन मोटरसाइकिलें पूरी तरह जल गईं, वहीं कुछ अन्य दो पहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए. गोदाम में रखा पटाखा और डेकोरेशन का पूरा सामान खाक हो गया है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया. फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, हालांकि शुरुआती तौर पर पटाखे के रॉकेट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, मामले की जांच जारी है.
प्रशासनिक कार्रवाई के डर से छुपाकर रखा था अवैध बारूद
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि गोदाम संचालक ने प्रशासन की हालिया सख्ती और कार्रवाई से बचने के लिए पटाखों के इस बड़े स्टॉक को यहां छुपाकर रखा था. इस रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्र में पूरी तरह से अवैध तरीके से पटाखों का भंडारण किया गया था. गौरतलब है कि देवास की पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण हादसे के बाद से ही इंदौर प्रशासन लगातार मुस्तैद है और विभिन्न पटाखा फैक्टि्रयों तथा गोदामों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है. प्रशासनिक अधिकारी लगातार सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों पर सील करने की कार्रवाई कर रहे हैं. इसी डर की वजह से गोदाम मालिक ने गुपचुप तरीके से माल को इस बेसमेंट जैसी जगह पर डंप किया हुआ था

Next Post

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 की तैयारियां तेज

Wed May 20 , 2026
इंदौर:ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 के तहत इंदौर में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय बैठकों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है. पुलिस अधिकारियों ने एयरपोर्ट पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और टैक्सी ड्राइवरों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए.भारत की अध्यक्षता में होने वाले ब्रिक्स समिट 2026 के मद्देनजर इंदौर में सुरक्षा व्यवस्थाओं […]

You May Like