
झाबुआ। मुंबई डिवीजन में लगातार हो रहीं भारी बारिश और रेल्वे ट्रैक पर जलभराव के कारण रेल यातायात प्रभावित हो गया है। इसका असर बुधवार सुबह बामनिया रेलवे स्टेशन पर भी देखने को मिला। यात्री धरने पर बैठ गए। अप ट्रैक पर पश्चिम एक्सप्रेस खड़ी होने के कारण रतलाम-दाहोद मेमू ट्रेन को मुख्य लाइन (मैन लाइन) से चलाने की घोषणा की गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों का कहना है कि अन्य लोकल गाड़िया निकाली जा रही है, लेकिन हमारी रेलगाड़ी रात 3 बजे से खड़ी है। रेल्वे प्रशासन यात्रियों को समझाने का प्रयास कर रहा है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे से बांद्रा जाने वाली पश्चिम एक्सप्रेस बामनिया स्टेशन के अप ट्रैक पर खड़ी रहीं। रेल्वे अधिकारियों ने बताया कि मुंबई डिवीजन में भारी बारिश के चलते वडोदरा से मुंबई की ओर जाने वाले ट्रैक पर जलभराव हो गया। सुरक्षा कारणों से इस रूट पर ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया, जिसके चलते पश्चिम एक्सप्रेस को बामनिया स्टेशन पर रोकना पड़ा।
*अफरा-तफरी की स्थिति बनी रहीं -* अप ट्रैक व्यस्त होने के कारण रतलाम-दाहोद मेमू ट्रेन को मुख्य लाइन पर लिया गया। अचानक हुए इस बदलाव से ट्रेन में चढ़ने और उतरने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मेमू ट्रेन तक पहुंचने के दौरान स्टेशन पर कुछ देर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रहीं। रेल्वे बोला- सुरक्षा के लिए ट्रेनों को रोक-रोककर चला रहे है। रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेशकुमार पाण्डेय ने बताया कि मुंबई डिवीजन में रेल्वे ट्रैक पर पानी भर जाने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से ट्रेनों का संचालन नियंत्रित किया जा रहा है। रेल्वे सूत्रों के अनुसार वडोदरा से अहमदाबाद के बीच रेल यातायात सामान्य है, जबकि वडोदरा से मुंबई की ओर जाने वाली ट्रेनों को एहतियात के तौर पर रोका जा रहा है।
