सूरी, (वार्ता) पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिला मुख्यालय सूरी में बुधवार को सुश्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के जिला अध्यक्ष अनुब्रत मंडल की मौजूदगी में पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना सामने आयी है। पुलिस ने इस सिलसिले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
घटना सूरी के पुराने बस स्टैंड स्थित टीएमसी कार्यालय की है, जहां चुनाव परिणामों के बाद अनुब्रत मंडल स्थानीय नेताओं के साथ एक बंद कमरे में बैठक कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुंह ढके तीन युवक हाथों में डंडे लेकर वातानुकूलित कार्यालय में घुसे और फर्नीचर, कुर्सियां एवं खिड़कियों के शीशे तोड़ दिये। श्री मंडल के सामने रखी कांच की मुख्य मेज टूटने से कांच के टुकड़े लगने के कारण उन्हें मामूली चोट आयी है।
हंगामे की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में युवकों ने किसी भी राजनीतिक दल से जुड़े होने से इनकार किया और इसे अपना आक्रोश बताया।
घटना के बाद अनुब्रत मंडल पुलिस सुरक्षा के बीच अपने गृह नगर बोलपुर के लिए रवाना हो गये। बीरभूम जिला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
