
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल ने मध्यप्रदेश बजट 2026-27 पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे अब तक का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक बजट बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा प्रस्तुत 4 लाख 38 हजार 317 करोड़ रुपये का बजट प्रदेश के समग्र विकास की दिशा में मजबूत कदम है।
खंडेलवाल ने कहा कि सरकार की प्रभावी आर्थिक नीतियों के चलते प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय दो वर्षों में 1.41 लाख रुपये से बढ़कर 1.69 लाख रुपये हो गई है, जो करीब 19 प्रतिशत वृद्धि दर्शाती है। बजट में गरीब, युवा, किसान और महिलाओं के सशक्तिकरण पर विशेष फोकस रखा गया है। किसानों के लिए एक लाख सोलर पंप, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने हेतु एक लाख हेक्टेयर का लक्ष्य और फसल बीमा के लिए 1300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने बताया कि महिलाओं के लिए लाड़ली बहना योजना सहित हॉस्टल निर्माण, सुरक्षा और पेंशन पर विशेष जोर दिया गया है। युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 25 हजार करोड़ रुपये के ऋण प्रावधान तथा खेलों के लिए 815 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। ग्रामीण सड़कों, शिक्षा में 294 नए विद्यालय, स्वास्थ्य क्षेत्र में लगभग 23 हजार करोड़ रुपये और 472 नई ई-बस सेवाओं जैसी घोषणाएं विकास को गति देंगी।
खंडेलवाल के अनुसार एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का पूंजीगत व्यय अधोसंरचना को नई दिशा देगा और यह बजट वर्ष 2047 के विकसित प्रदेश के विजन को ध्यान में रखकर संतुलित व समावेशी विकास का रोडमैप प्रस्तुत करता है।
