ऐतिहासिक धरोहर पर जेसीबी: बैतूल के गांधी चौक में तनाव, पार्किंग निर्माण कार्य रुका

बैतूल। जिला मुख्यालय स्थित कोठीबाजार के गांधी चौक पर अंडरग्राउंड पार्किंग निर्माण कार्य की शुरुआत होते ही मंगलवार को राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। निर्माण की प्रारंभिक प्रक्रिया के दौरान चौक पर स्थापित अशोक स्तंभ को जेसीबी से हटाने का प्रयास किया गया। इसे कचरा वाहन में ले जाने की तैयारी की सूचना मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

स्थिति कुछ ही देर में तनावपूर्ण हो गई और कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष हेमंत वागद्रे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने थाना रोड पर गांधी चौक के सामने चक्काजाम कर धरना दिया। करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा।

कांग्रेस नेताओं ने इसे ऐतिहासिक और राष्ट्रीय प्रतीक के साथ छेड़छाड़ करार दिया। हेमंत वागद्रे ने नगरपालिका की कार्रवाई को जनभावनाओं के विपरीत बताते हुए कहा कि गांधी चौक शहर की ऐतिहासिक पहचान है। उनके अनुसार वर्ष 1933 में महात्मा गांधी का इस स्थल पर आगमन हुआ था और स्वतंत्रता संग्राम के बाद यहां अशोक स्तंभ की स्थापना की गई थी। तब से यह स्थान राष्ट्रीय पर्वों और प्रमुख आयोजनों का केंद्र रहा है। 26 जनवरी, 15 अगस्त और गांधी जयंती जैसे कार्यक्रम प्रतिवर्ष यहीं आयोजित किए जाते हैं। ऐसे में बिना जनसहमति के अशोक स्तंभ हटाने का प्रयास नागरिकों की भावनाओं को आहत करने वाला है।

विवाद की सूचना मिलते ही नगरपालिका के सीएमओ सतीश मटसेनिया मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों से चर्चा के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।

उल्लेखनीय है कि नगरपालिका द्वारा मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजना के तहत लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसी योजना के अंतर्गत गांधी चौक पर लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से अंडरग्राउंड पार्किंग निर्माण प्रस्तावित है। इसका उद्देश्य कोठीबाजार क्षेत्र में बढ़ती पार्किंग समस्या का समाधान करना है, किंतु ऐतिहासिक स्थल पर बिना पूर्व संवाद के कार्य प्रारंभ किए जाने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर प्रश्न उठे हैं। फिलहाल निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई है और सर्वसम्मति के बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा।

Next Post

जेईई मेन्स 2026 में छतरपुर के दो छात्रों की सफलता, ध्रुव वर्मा को 99.11 पर्सेंटाइल,प्रिंस अहिरवार ने भी किया क्वालिफाई

Wed Feb 18 , 2026
छतरपुर। छतरपुर के दो छात्रों ने इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन्स 2026 (सेशन-1) में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा घोषित परिणाम में शहर के ध्रुव वर्मा और प्रिंस अहिरवार ने सफलता हासिल की है। खास बात यह रही कि दोनों छात्रों ने […]

You May Like