
छतरपुर। छतरपुर के दो छात्रों ने इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन्स 2026 (सेशन-1) में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा घोषित परिणाम में शहर के ध्रुव वर्मा और प्रिंस अहिरवार ने सफलता हासिल की है। खास बात यह रही कि दोनों छात्रों ने किसी बड़े शहर में कोचिंग लेने के बजाय छतरपुर में रहकर ही अपनी तैयारी पूरी की।
ध्रुव वर्मा ने परीक्षा में 99.11 पर्सेंटाइल हासिल किया है। वे वर्तमान में कक्षा 12वीं के छात्र हैं और इन दिनों उनकी बोर्ड परीक्षाएं भी चल रही हैं। बोर्ड परीक्षा और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी साथ-साथ करने के बावजूद उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिससे परिवार और शिक्षकों में खुशी का माहौल है। ध्रुव का कहना है कि नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उन्हें यह सफलता दिलाई।
दूसरे छात्र प्रिंस अहिरवार ने भी जेईई मेन्स में अच्छा प्रदर्शन करते हुए क्वालिफाई किया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने छतरपुर में रहकर निजी कोचिंग और सेल्फ-स्टडी के सहारे तैयारी की। शिक्षकों ने समय-समय पर मार्गदर्शन और अतिरिक्त अभ्यास सामग्री देकर उनकी तैयारी मजबूत की, जिसका परिणाम परीक्षा में दिखाई दिया।
