
बालाघाट। जबलपुर लोकायुक्त टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए बालाघाट जिले की मोयल नगरी उकवा में ग्राम पंचायत सचिव योगेश हिर्वाने को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। शिकायतकर्ता अंकुश चौकसे ने बताया कि उसने अपनी पट्टे की जमीन पर निर्माण की अनुमति (एनओसी) के लिए आवेदन दिया था, जिस पर सचिव ने 1 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। सत्यापन उपरांत बुधवार, 13 नवंबर को लोकायुक्त टीम ने ग्राम पंचायत भवन के सामने आरोपी को प्रथम किस्त 50 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया। कार्रवाई भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) व 13(2) के तहत की जा रही है। ट्रैप दल में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र यादव, निरीक्षक रेखा प्रजापति, बृजमोहन सिंह नरवरिया और लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही।
