
नीमच। सिंगोली थाना क्षेत्र में रविवार को बिजली बिल की वसूली के दौरान एक बिजली कर्मी पर जानलेवा हमला हुआ है। घटना ग्राम कवाई की है, जहां बकाया बिल न चुकाने वाले उपभोक्ता ने बिजली कर्मी को डंडे से पीट दिया। घटना में गंभीर चोट आने के कारण बिजली कर्मी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, बिजली विभाग मार्च के अंतिम दिनों में बकाया बिलों की वसूली का अभियान चला रहा है। जिन बिजली उपभोक्ताओं ने बिजली बिल नहीं जमा किया है। उनके कनेक्शन काटे जा रहे हैं। इसी कड़ी में बिजली कर्मी आशीष भदौरिया बिजली बिल बकायदारों के कनेक्शन काट रहे थे।
इस दौरान बकायेदार भेरूलाल भील ने उन पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में आशीष के सिर में गंभीर चोट आई। आसपास के लोगों की मदद से बिजली कर्मचारी आशीष को तत्काल नजदीकी अस्पताल लाया गया। जहां से हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल भेज दिया। बिजली विभाग की शिकायत के बाद आरोपी भेरूलाल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
