ठाणे हत्याकांड : प्राथमिकी में संदिग्धों के नाम शामिल करने की मांग, आदित्य ठाकरे और संजय राउत पहुंचे थाने

मुंबई, (वार्ता) ठाणे में शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) के नेता प्रदीप पुरणेकर उर्फ बाला की हत्या के बाद तनाव बना हुआ है। शिवसेना (यूबीटी) के विधायक आदित्य ठाकरे और राज्यसभा सांसद संजय राउत बुधवार रात ठाणे के कपूरबावड़ी पुलिस स्टेशन पहुंचे और मांग की कि प्राथमिकी में सभी संदिग्धों के नाम शामिल किये जायें।

श्री पुरणेकर के परिवार और पार्टी नेताओं ने सत्तारूढ़ एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना की नेता मीनाक्षी शिंदे और राजेंद्र शिंदे का नाम प्राथमिकी में दर्ज करने तथा मुख्य आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

श्री संजय राउत और मृतक के परिजनों ने चेतावनी दी है कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

मृतक के भाई जयनाथ पुरणेकर ने बताया कि मंगलवार रात करीब 9:32 बजे जब प्रदीप अपने कार्यालय में थे, तब अज्ञात हमलावरों ने पिस्टल से सात राउंड फायरिंग की, जिसमें दो गोलियां लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गयी। परिजनों और श्री राउत ने आरोप लगाया कि प्रदीप इलाके में नशीले पदार्थों (ड्रग्स) के कारोबार के खिलाफ सक्रिय थे और इस हत्या के पीछे राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता तथा साजिश है।

हत्या के बाद मनोरमा नगर इलाके में सन्नाटा और तनाव पसरा हुआ है, जिसके मद्देनजर इलाके में कर्फ्यू लागू कर दिया गया है तथा भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज जब्त कर हमलावरों की तलाश के लिए नौ टीमों को लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंबई के जेजे अस्पताल भेजा गया है।

Next Post

दुर्गा पूजा पास घोटाले में ईडी के सामने पेश हुए बंगाल के पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन

Thu Oct 1 , 2026
कोलकाता, (वार्ता) पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और प्रसिद्ध बांग्ला गायक इंद्रनील सेन दुर्गा पूजा पंडालों के एंट्री पास की बिक्री में भारी वित्तीय अनियमितता के आरोपों के सिलसिले में बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश हुए। ईडी की ओर से जारी समन के बाद इंद्रनील सेन सुबह […]

You May Like